मिस्र में राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के खिलाफ खड़ी हुई जनता ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने मुबारक को आखिरी चेतावनी देते हुए शुक्रवार तक सत्ता ही नहीं, देश छोड़ने को कहा है। साथ ही शक्तिशाली सेना से भी कहा गया है कि वह राष्ट्रपति और देश में से किसी एक को चुन ले। मिस्र में तेज हो चले संघर्ष में अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। बीते सात दिनों से हो रहे प्रदर्शनों में हर दिन ज्यादा से ज्यादा लोग सड़कों पर आ रहे हैं। मुबारक को सत्ता से हटाने के लिए मुस्लिम ब्रदरहुड सहित अन्य विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ने आह्वान किया है कि मंगलवार को काहिरा के तहरीर चौक पर करीब दस लाख लोग इकट्ठा हों। खास बात यह है कि मिस्र के जज और विश्व की प्रतिष्ठित इस्लामी शिक्षण संस्था अल-अजहर के शोधार्थी भी विरोध प्रदर्शनों में शामिल हो गए हैं। देश में विरोध प्रदर्शनों की वजह से आवश्यक सेवाएं ठप हो गई हैं। 82 वर्षीय मुबारक ने अपने नए प्रधानमंत्री अहमद शफीक को प्रदर्शन रोकने के लिए तत्काल सुधार लाने को कहा है। शफीक को दिए गए उनके निर्देश सरकारी टीवी पर सोमवार और मंगलवार को पढ़े गए, लेकिन इनका प्रदर्शनकारियों पर कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने सुधारों को बहुत देर से किया जा रहे और बेहद छोटा प्रयास करार दिया है। दूसरी ओर मिस्र में लोकतंत्र के समर्थक कार्यकर्ता और नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद अलबरदेई ने सोमवार रात को नजरबंदी का उल्लंघन किया और तहरीर चौक पर प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंच गए। उन्होंने मीडिया से कहा, साफ है कि मुबारक को जाना होगा। उन्हें तत्काल जाने की जरूरत है। इसके बाद राष्ट्रीय एकता वाली सरकार को सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण हो तथा फिर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी उपाय किए जाएं। मुबारक ने नया खुफिया प्रमुख नियुक्त किया मिस्र में भारी जनाक्रोश का सामना कर रहे राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक ने देश की खुफिया इकाई का नया प्रमुख नियुक्त किया है। समाचार पत्र अल अहरम के अनुसार मुबारक ने सिनाई के पूर्व गवर्नर जनरल मुराद मोवाफी को नया खुफिया प्रमुख नियुक्त किया है। उनके खिलाफ बीते एक सप्ताह भारी विरोध प्रदर्शन जारी है। इससे पहले बीते शनिवार को मुबारक ने खुफिया प्रमुख उमर सुलेमान को उपराष्ट्रपति बनाया था। मुबारक के 30 वर्षों के शासनकाल में पहली बार उप राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है।
No comments:
Post a Comment