Thursday, February 3, 2011

मुबारक नरम पड़े, सेना ने दिखाए तेवर


मिस्र में घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। बुधवार को राष्ट्रपति होस्नी मुबारक ने नरम रुख अपनाते हुए जनता से वादा किया कि वह सितंबर में कार्यकाल पूरा होने के बाद अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके विपरीत बुधवार को मिस्र की सेना तेवर बदलती दिखी। एक दिन पहले जनता का साथ देने का वादा करने वाली सेना ने बुधवार को प्रदर्शनकारियों से घर लौट जाने को कहा। द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक सेना ने कहा, अब आप घरों को लौट जाएं। आपने विरोध दर्ज करा दिया है, अब स्थिति सामान्य होने दीजिए। विशेषज्ञ मिस्र की सेना की ओर से मंगलवार को दिए गए बयान के बाद होस्नी मुबारक की स्थिति बेहद कमजोर मान रहे थे। उनका कहना था कि सेना ने राष्ट्रपति का साथ छोड़ दिया, लेकिन बुधवार को सेना के बयान ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। सेना के इस बयान को प्रदर्शनकारियों के लिए चेतावनी माना जा रहा है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वॉशिंगटन में संबोधन के दौरान मुबारक से अगला चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह किया और विशेष दूत फ्रेंक विज्नर को काइरो रवाना कर दिया। उन्होंने मिस्र के अधिकारियों से मुलाकात कर ओबामा का संदेश दिया। विज्नर मिस्र और भारत में अमेरिकी राजदूत रह चुके हैं। मीडिया रिपोर्टो के अनुसार मुबारक ने अगला चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति से आधा घंटा फोन पर बात करने के बाद की। उन्होंने ओबामा का संदेश मिलने के बाद ही रुख नरम किया। नहीं तो वह जनविद्रोह से पूरी तरह अप्रभावित दिख रहे थे। बुधवार को दस मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि वह देश छोड़कर नहीं जाएंगे और मिस्र की धरती पर ही प्राण त्यागेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा, मैं मौजूदा कार्यकाल पूरा करूंगा। मुबारक को विपक्षी नेताओं ने शुक्रवार तक देश छोड़ने की चेतावनी दे रखी है।


No comments:

Post a Comment