Thursday, February 3, 2011

पाक ने हिन्दुओं पर अत्याचार की बात स्वीकारी


पाकिस्तानी सांसदों ने मान लिया है कि उनके देश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने जरदारी सरकार से ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, जो हिंदुओं पर हमले कर रहे हैं। यह कदम हाल ही में सिंध प्रांत के 66 वर्षीय हिंदू विधायक राम सिंह सोधो के विधानसभा से इस्तीफा देकर भारत आकर रहने की बात सामने आने के बाद उठाया गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सोधो भारत में कहां हैं। पाकिस्तानी सांसदों ने सरकार से अल्पसंख्यकों के खिलाफ नफरत की वजह से होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए उचित कार्रवाई करने की अपील की है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हमले और फिरौती के लिए अपहरण की वारदातें आम हैं। विशेषकर पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में इन घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। इनके चलते तमाम अल्पसंख्यक समुदाय अपने घर छोड़कर अन्यत्र जा रहे हैं। यह मुद्दा पाकिस्तानी संसद के निचले सदन में उठाया गया है। सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की सांसद पलवाशा खान ने कहा, क्या हमारे यहां सुरक्षा व्यवस्था इतनी गिर चुकी है कि अल्पसंख्यकों को दूसरे देशों में शरण लेनी पड़ रही है? उन्हें देश में दी जाने वाली धार्मिक और संवैधानिक आजादी पर विश्र्वास नहीं रहा? उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति संविधान की तस्वीर से उलट है। जो अल्पसंख्यकों को समान अधिकार, सुरक्षा, संपत्ति और सम्मान का हक देता है। विपक्षी दल पीएमएल-क्यू के ईसाई सांसद अकरम मसीह गिल ने कहा, मौजूदा दौर में पाकिस्तान के भीतर अल्पसंख्यक सबसे बुरे दौर का सामना कर रहे हैं।


No comments:

Post a Comment