तीस साल से मिस्र की सत्ता पर जमे हुए राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के पास 40 अरब से 70 अरब डॉलर (1.8 खरब रुपये से 3.1 खरब रुपये) तक की संपत्ति है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। एबीसी न्यूज ने विशेषज्ञों के हवाले से कहा है कि 1981 में राष्ट्रपति बनने के बाद से मुबारक और उनके परिवार ने अकूत संपत्ति बनाई है। एयर फोर्स अफसर होने के दिनों से ही मुबारक ने रक्षा सौदों में दलाली के रूप में धन बनाना और उसे निवेश करना शुरू कर दिया था। प्रिंस्टन विश्वविद्यालय की प्रो. अमने जमाल के अनुसार इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि खाड़ी देशों के नेताओं के पास कितना धन है। उन्होंने कहा कि सेना और सरकारी विभागों में होने वाले तमाम कामों से यह संपदा बनाई गई है। मुबारक के शासनकाल में बहुत भ्रष्टाचार हुआ है। जनता के धन से निजी खजाना भरा गया। जमाल ने कहा कि मुबारक की ज्यादातर संपत्ति मिस्र के बैंकों से बाहर है। खास तौर पर ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड में। प्रोफेसर के अनुसार तानाशाह ऐसा इसलिए करते हैं कि सत्ता छोड़ने के समय धन उनसे न छिन जाए। ब्रिटेन की डरहम यूनिवर्सिटी में खाड़ी देशों के राजनीति विशेषज्ञ क्रिस्टोफर डेविडसन का कहना है कि मुबारक, उनकी पत्नी और दो बेटों ने अनेक विदेशी कंपनियों में पार्टनरशिप करके धन बनाया। वहीं, आइएचएस ग्लोबल इनसाइट की रिपोर्ट के अनुसार मुबारक परिवार की परिसंपत्तियां लंदन, पेरिस, मेड्रिड, दुबई, वाशिंगटन, न्यूयॉर्क और फ्रेंकफर्ट में हैं। मिस्र में दर्जनों महल जैसी कोठियां उनके पास हैं.
No comments:
Post a Comment