Monday, February 7, 2011

भारत-पाक वार्ता आगे बढ़ाने पर रजामंद


थिम्पू में दोनों देशों के विदेश सचिवों ने की बैठक
भारत और पाकिस्तान ने पिछले साल जुलाई महीने के अपने कड़वे अनुभव को पीछे छोड़ते हुए रुकी पड़ी वार्ता प्रक्रिया को पटरी पर लाने के लिए कदम बढ़ाए। दोनों देश सभी लंबित मुद्दों के हल के लिए इस वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को लेकर रजामंद हुए। विदेश सचिव निरुपमा राव और उनके पाकिस्तानी समकक्ष सलमान बशीर ने थिम्पू में 90 मिनट तक बैठक की। दोनों लोग इस बात पर सहमत हुए कि सकारात्मक व सौहार्दपूर्ण संबंध दोनों देशों के पारस्परिक हित में है और उन्हें इस दिशा में काम करने की जरूरत है। दोनों देशों द्वारा जारी किए गए एक संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों विदेश सचिव ने अपने-अपने प्रधानमंत्री के निर्देश पर यह बैठक की। गौरतलब है कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच पिछले साल जुलाई में इस्लामाबाद में बैठक हुई थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने यह बयान पढ़ते हुए कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में जरूरी कदम के तहत विदेश सचिवों के बीच उपयोगी और स्पष्ट चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच सभी लंबित मुद्दों के हल के लिए वे एक सार्थक वार्ता करने की जरूरत पर राजी हुए। उन्होंने वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जरूरत पर सहमति जताई।
  

No comments:

Post a Comment