चीन ने अपनी एक आधिकारिक वेबसाइट पर अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के इलाके अक्साई चीन को अपना हिस्सा बताया है। इन दोनों को लेकर भारत और चीन के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही है। बीजिंग की ओर से मंगलवार को एक वेबसाइट शुरू कर दी गई। इसका मकसद गूगल जैसी वेबसाइट को टक्कर देना और अपने मुताबिक सूचनाएं प्रचारित-प्रसारित करना है। वेबसाइट पर मैप वर्ल्ड नाम से जो नक्शा पेश किया है, उसमें भारत के इन दोनों इलाकों को चीन की सीमा में दर्शाया गया है। चीन पहले से ही अरुणाचल को दक्षिणी तिब्बत करार देकर अपना हिस्सा बताता रहा है। इस नक्शे में दक्षिणी तिब्बत का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन अरुणाचल को चीन की सीमा में प्रदर्शित किया गया है। जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में पड़ने वाले अक्साई चीन को भी चीन के प्रांत जिनजियांग का एक भूभाग बताया गया है। इन दोनों क्षेत्रों को लेकर नई दिल्ली और बीजिंग के बीच अब तक 14 दौर की वार्ता हो चुकी है। चीन के इस नक्शे में भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा के बारे में पहले से अलग तस्वीर पेश की गई है। इसमें बताया गया है कि नियंत्रण रेखा के दोनों ओर के क्षेत्र भारत और पकिस्तान के नियंत्रण में है। पहले चीन का रुख इस पर कुछ और था। पिछले दिनों अरुणाचल का मुद्दा फिर से चर्चा में आया था, जब चीन की ओर से भारत के इस राज्य के दो निवासियों के लिए अलग से नत्थी वीजा जारी किया गया था। इससे पहले चीन अरुणाचल के लोगों को वीजा जारी करने से मना कर देता था। चीन ने सोमवार को कहा था कि अरुणाचल प्रदेश को विवादास्पद क्षेत्र मानने की उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है। नक्शे वाली इस वेबसाइट की शुरुआत करते हुए इसके उप निदेशक मिन यिरने ने बताया कि इसके जरिए कहीं से भी विवरण लिए जा सकते हैं और यहां चीन के बारे में विस्तृत जानकारी है। पिछले दिनों सेंसरशिप के मसले पर चीन और गूगल के बीच विवाद खड़ा हो गया था।
No comments:
Post a Comment