भारत को प्याज निर्यात पर लगी रोक हटाने के लिए पाकिस्तान सरकार में अलग-अलग सुर सुनाई दे रहे हैं। कृषि मंत्रालय जहां भारत को प्याज निर्यात के पक्ष में है। वहीं वाणिज्य मंत्रालय इसमें अड़ंगा डाल रहा है। पाकिस्तान ने हाल ही में सड़क मार्ग से भारत को प्याज निर्यात पर रोक लगाई है। वाणिज्य मंत्रालय में भारत को प्याज का निर्यात फिर से शुरू करने के मसले पर हाल ही में बैठक हुई। पर यह बेनतीजा रही। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वाणिज्य मंत्री मकदूम अमीन फाहिम देश के बाहर हैं और वह मंगलवार को लौटेंगे। इसके बाद स्थिति की समीक्षा के लिए फिर बैठक होगी। फिलहाल खाद्य एवं कृषि मंत्रालय भारत को प्याज का निर्यात जारी रखने पर अपनी सहमति जता चुका है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले साल पाकिस्तान में बाढ़ की वजह से काफी कृषि भूमि बर्बाद हो गई थी। इसके बावजूद देश में प्याज की उपज अच्छी रही है। भारतीय उच्चायोग के सूत्रों का कहना है कि सड़क मार्ग से प्याज निर्यात पर प्रतिबंध के बाद से इसकी कोई खेप भारत नहीं गई है। करीब एक पखवाड़े पहले प्याज की कीमतों में आई तेज उछाल के बाद भारत ने पाकिस्तान से सड़क मार्ग से प्याज का आयात शुरू किया था। इससे प्याज की कीमतें कुछ ठंडी पड़ी थीं। लेकिन 6 जनवरी को पाकिस्तान ने सड़क मार्ग से प्याज के निर्यात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया। इसके पीछे पाकिस्तान सरकार ने कारण बताया कि निर्यात करने से उसके यहां कीमतों में तेजी आने लगी है। फिलहाल पाकिस्तान सरकार के इस फैसले से दोनों देशों के व्यापारी खासा खफा हैं।
No comments:
Post a Comment