Wednesday, January 19, 2011

उत्तर कोरिया में सैन्य ठिकाने की तैयारी कर रहा चीन

कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव के बीच चीन, उत्तर कोरिया में सैन्य ठिकाना बनाने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में बीजिंग और प्योंगयांग के बीच वार्ता भी हो चुकी है। दक्षिण कोरिया के समाचार पत्र चोसुन इल्बो ने राष्ट्रपति कार्यालय ब्लू हाउस सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। चीन चाहता है कि उसकी मदद से जो बंदरगाह उत्तर कोरिया में बनाया जा रहा है, उसकी सुरक्षा का जिम्मा उसके सैनिक संभालें। बताया गया है कि यह बंदरगाह उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के रेसन इलाके में है। यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि बेहद महत्वपूर्ण है। रेसन स्पेशल इकनॉमिक जोन है और यह जापान के प्रभुत्व वाले समुद्री क्षेत्र के बेहद करीब है। वहां पर चीनी सैन्य ठिकाना बनने से न केवल जापान पर नजर रखी जा सकती है बल्कि उत्तर-दक्षिण कोरिया के बीच चल रहे तनाव में अमेरिका पर मनोवैज्ञानिकबढ़त पर मिलेगी। यह तो सभी जानते हैं कि चीन लंबे समय से उत्तर कोरिया का समर्थक रहा है। दूसरी तरफ अमेरिका और जापान दक्षिण कोरिया के साथ हैं। सिओल इंटरनेशनल सिक्योरिटी एंबेसडर नाम हू जोंग ने कहा, ऐसा संभव है कि चीन बड़ी सैन्य टुकड़ी को उत्तर कोरिया भेज दे। अगर उत्तर कोरिया में कभी स्थिति तो खराब होती है तो बड़ी संख्या में शरणार्थी चीन का रुख कर सकते हैं। यही कारण है कि चीन चिंतित है। कोरिया युद्ध की समाप्ति के उपरांत चीन ने 1994 में उत्तर कोरिया से अपने सैनिकों की वापसी की थी। तब से अब तक चीन ने वहां अपने सैनिकों की तैनाती नहीं की है, लेकिन अब वह देरी नहीं चाहता।


No comments:

Post a Comment