Monday, March 7, 2011

चीन ने रक्षा बजट बढ़ाया, भारत से बेहतर संबंधों की मंशा जताई


रक्षा बजट में 12.7 प्रतिशत की वृद्धि के बावजूद चीन का कहना है कि वह भारत जैसे पड़ोसी देशों से बेहतर सम्बंध चाहता है। इस साल चीन का रक्षा बजट बढ़ाकर 601 अरब युआन (91.5 अरब डॉलर) कर दिया है। चीन की राष्ट्रीय कार्यपालिका बैठक के वार्षिक सत्र के प्रवक्ता ली झाओक्सिंग ने कहा कि सीमा विवाद समाप्त करने से पहले भारत और चीन अपने सीमावर्ती इलाकों में शांति बरकरार रखने को लेकर सहमति पर पुहंचे हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक ली ने कहा कि चीन ने वर्ष 2011 के लिए अपना रक्षा बजट 12.7 प्रतिशत बढ़ाकर 91.5 अरब डॉलर किया है। पिछले साल इसमें 7.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। उन्होंने कहा कि चीन भारत के साथ मिलकर सीमावर्ती इलाकों में शांति बरकरार रखने के लिए प्रासंगिक समझौतों के क्रियान्वयन के लिए तैयार है, जो दोनों देशों के हित में है। ली ने कहा, यह सच है कि चीन के रक्षा बजट में वृद्धि की गई है लेकिन सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुपात में देश का रक्षा बजट काफी कम है। यह अनुपात अन्य देशों की अपेक्षा काफी कम है। भारत में यह अनुपात दो प्रतिशत से काफी ज्यादा है। चीन के रक्षा बजट में वृद्धि से भारत जैसे देशों पर दबाव पड़ने का सवाल पूछे जाने पर ली ने यह बात कही। उन्होंने कहा, सरकार हमेशा सैन्य बजट को सीमित रखने की कोशिश करती है और राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सैन्य खर्च तार्किक स्तर पर रखा गया है। चीन के पूर्व विदेश मंत्री रह चुके ली ने कहा कि चीन का रक्षा खर्च पारदर्शी और सुरक्षात्मक रवैये पर आधारित है।


No comments:

Post a Comment