Thursday, April 14, 2011

भारत से रिश्ते सुधारने में कमजोर पाक सरकार बाधक


 अमेरिका ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत और पाकिस्तान के संबंधों में फिलहाल कोई सुधार नहीं आने वाला। पाकिस्तान में कमजोर सरकार शक्तिशाली सेना के नियंत्रण में है, जो कि कश्मीर मुद्दे की आड़ में दोनों देशों के रिश्ते नहीं सुधरने देना चाहती। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के अधिकारी ने कहा सेना पाकिस्तान सरकार की कश्मीर और अफगान नीतियों को काफी हद तक प्रभावित करती है। सीनेट की आ‌र्म्ड सर्विसेज कमेटी के समक्ष गवाही में अमेरिकी पेसिफिक कमान के कमांडर एडमिरल रिचर्ड विलार्ड ने कहा, इस बारे में कोई दोराय नहीं है कि भारत-पाक सीमा पर सदैव तनाव बना रहता है। उनका कहना है कि दक्षिण एशिया के इन पड़ोसी देश के बीच संबंध सुधारने के लिए दोनों ओर से प्रतिबद्धता की आवश्यकता है। मगर कई साल से पाकिस्तान सरकार की स्थिति देखते हुए इसके आसार नजर नहीं आ रहे। जबकि भारत इस दिशा में प्रयास करता रहा है। विलार्ड ने कहा, निश्चित रूप से भारत और पाकिस्तान के बीच बरसों पुरानी दुश्मनी है, जिसके बारे में हम सभी जानते हैं। उस बैर को दूर करने की राह में कश्मीर मुद्दा हमेशा आड़े आता है। कश्मीर में हाल के कुछ घटनाक्रमों से दोनों देशों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हुई। क्षेत्र में चीन की मौजूदगी की बात और नियंत्रण रेखा के पार से आतंकवादी गतिविधियां मौजूदा चुनौती को बढ़ा रही हैं। भारत ने मंत्री स्तर पर इस दिशा में कुछ प्रयास किए हैं। मगर पाकिस्तान की ओर से कोई खास प्रतिक्रिया न आने पर पहल परवान नहीं चढ़ पाई। उनका कहना है कि अमेरिका अपने दोनों सहयोगियों को संबंध सुधारने की दिशा में प्रोत्साहित करता रहा है, लेकिन नतीजा अब तक सिफर है|

No comments:

Post a Comment