Wednesday, June 1, 2011
डेविड हेडली के कबूलनामे में कुछ नया नहीं
प्रधानमंत्री के विशेष विमान से शिकागो में लश्कर आतंकी डेविड हेडली के कबूलनामे के बाद भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि इस्लामाबाद से बातचीत भले जारी रहे पर आतंकवाद के खिलाफ उसके दबाव में कोई कमी नहीं आएगी। आतंकवाद के मोर्चे पर पाकिस्तान को कठघरे में खड़ा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उसको अब यह समझ लेना चाहिए कि आतंकवाद का भस्मासुर उसे भी बराबर चोट पहुंचा रहा है। इस्लामाबाद पर करारा कटाक्ष करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि हेडली ने ऐसा कुछ नहीं बताया जो हमें मालूम नहीं था। प्रधानमंत्री ने अपने पाकिस्तान दौरे को भी फिलहाल दूर की कौड़ी करार दिया। अफ्रीका दौरे से लौटते हुए पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे मनमोहन ने पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रखने का भी संकल्प जताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय नीति के तौर पर आतंकवाद के इस्तेमाल के लिए सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है। वह बोले, पाकिस्तान के भीतर ही कई तत्व आतंकी मशीन को चला रहे हैं। उन्होंने बीते दिनों कराची में नौसैनिक अड्डे पर हुए आतंकी हमले को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि पड़ोस में होने वाली घटनाएं हमारे लिए खास मायने रखती हैं। आशा है पाकिस्तान को भी अब समझ आएगा कि आतंकवाद का जो भस्मासुर जो उसने कभी खड़ा किया था वो अब उन्हें भी उतना ही नुकसान पहुंचा रहा है जितना भारत को। हम चाहते हैं कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ अधिक प्रभावी कदम उठाए और खासकर उन जेहादी गुटों की नकेल कसे जो भारत को निशाना बनाते हैं। अपने पाकिस्तान दौरे पर प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि बातचीत की मेज पर पाक अपेक्षाओं की पूर्ति जमीनी हकीकत से भी जुड़ी हैं। आतंकवाद के बारे में पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने से जुड़े सवालों पर पीएम का कहना था कि ऐसे हर अवसर का इस्तेमाल किया जाएगा जो पाक को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए विश्व जनमत बनाता हो। प्रधानमंत्री से जब यह पूछा गया कि हेडली के बयानों को वह किस तरह से लेते हैं और क्या इसका पाकिस्तान के साथ संबंधों पर असर पड़ेगा और क्या भारत अब भी पाकिस्तान पर भरोसा कर सकता है, तो उन्होंने कहा, हेडली की सुनवाई में ऐसा कुछ नया सामने नहीं आया जो हम नहीं जानते थे। मनमोहन ने कहा, शिकागो में सुनवाई चल रही है। जब यह खत्म हो जाएगी तब हम अध्ययन करेंगे, लेकिन जैसा कि मैंने कहा कि इससे कुछ भी खुलासा नहीं हुआ है जो हम नहीं जानते थे। मुंबई हमले में पाक की ओर से की जा रही जांच के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा, हमें पाक को यह भरोसा दिलाना होगा कि इस क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ हमारी मदद करना उनके खुद के हित में है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment