Wednesday, June 15, 2011
चीन और वियतनाम के बीच समुद्री सीमा पर तनाव बढ़ा
चीन के साथ विवादित समुद्री सीमा को लेकर बढ़ते तनाव के बीच वियतनाम दक्षिणी चीन सागर में गोलीबारी के साथ नौसैनिक अभ्यास कर रहा है। वियतनाम के एक नौसैनिक अधिकारी ने कहा कि नौसेना का नियमित अभ्यास मध्य वियतनाम के क्वांग प्रांत से 40 किलोमीटर दूर एक छोटे से द्वीप हॉन ओंग में किया गया है जो कि वियतनाम की समुद्री सीमा के भीतर है। चीन के सरकारी समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि वियतनाम सैनिक कार्रवाई करके चीन को ललकारने की कोशिश कर रहा है। वियतनाम के एक अधिकारी के मुताबिक नौसैनिक अभ्यास का दूसरा चरण रात्रि में किया जाएगा और इसके लिए जहाजों का आवागमन रोकने की चेतावनी जारी कर दी गई है। विवाद गहराया वियतनाम का नौसैनिक अभ्यास ऐसे समय हुआ है जब समुद्री सीमा को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से चला रहा विवाद गहराया हुआ है। दक्षिणी चीनी सागर से होकर महत्वपूर्ण नौवहन मार्ग गुजरते हैं और यहां तेल और गैस के भंडार होने की भी संभावना है। वियतनाम ने पिछले महीने तेल का सर्वेक्षण करने वाले जहाजों का अन्वेषण केबल दो बार काटने का आरोप चीन पर लगाया था। वियतनाम का कहना है कि पिछले हफ्ते इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में चीन की मछली पकड़ने वाली नौकाओं ने जान-बूझकर उसकी नौकाओं के अन्वेषण केबल को नुकसान पहुंचाया, जबकि चीन का कहना है कि पिछले हफ्ते वियतनाम के हथियारबंद जहाजों ने चीन की समुद्री सीमा में घुसकर मछली पकड़ने वाली उसकी नौकाओं का पीछा किया। चीन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि चीन की नौका में लगे जाल वियतनाम के तेल अन्वेषक जहाज के केबल में उलझ गई जो कि उस इलाके में गैर कानूनी रूप से घूम रही थी और एक घंटे तक उसके साथ खिंचती चली गई बाद में उसे काट कर अलग किया गया। चीन ने वियतनाम पर अपनी संप्रभुता के गंभीर हनन का आरोप लगाया है और ऐसी उकसाने वाली कार्रवाइयों को तुरंत बंद करने की चेतावनी दी है। सैन्य अभ्यास को आमतौर पर इतनी अहमियत नहीं दी जाती, लेकिन इस वक्त हालात बेहद संवेदनशील हैं। वियतनाम के एक नौसैनिक अधिकारी का कहना है कि ऐसे सालाना प्रशिक्षण अभ्यासों का चीन के साथ हुई हाल की घटनाओं से कोई संबंध नहीं है। नौ घंटे तक चले नौसैनिक अभ्यास का पहला चरण वियतनाम की समुद्री सीमा में स्थित निर्जन हॉन ओंग द्वीप पर पूरा किया गया, जबकि छह घंटे तक चलने वाली गोलीबारी का दूसरा चरण रात में पूरा किया जाएगा। इस बीच लगातार दूसरे सप्ताहांत में हनोई में लोगों ने प्रदर्शन कर चीन से वियतनाम की समुद्री सीमा छोड़ने की मांग की। बीबीसी संवाददाता का कहना है कि आमतौर पर कम्युनिस्ट शासन वाले वियतनाम में प्रदर्शनों को बर्दाश्त नहीं किया जाता, लेकिन दक्षिणी चीन सागर को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए अधिकारियों ने प्रदर्शन की इजाजत दे दी है। समुद्री सीमा को लेकर चीन का कई देशों के साथ विवाद चल रहा है। फिलीपींस, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान के भी चीन के साथ सीमा विवाद हैं। अमरीका ने भी समुद्र में चीन की बढ़ती महत्वाकांक्षा को लेकर चिंता जताई है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment