Monday, September 19, 2011

तेज झटकों से डोले देश के कई राज्य

सिलीगुड़ी उत्तर बंगाल में रविवार शाम 6.10 मिनट पर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप करीब 72 सेकेंड तक लोगों को आतंकित किए रहा। इसे रिक्टर पैमाने पर 6.8 आंका गया है। सिक्किम इसका मुख्य केंद्र रहा, जहां सबसे ज्यादा तबाही हुई है। अब तक एक बच्चे के मरने की पुष्टि हो सकी है, जबकि कई घायल हुए हैं। संपर्क स्थापित नहीं हो पाने से सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। खबरों के मुताबिक आधा दर्जन मौत और सैकड़ों के घायल हुए हैं। सिलीगुड़ी में कई स्थानों में बहुमंजिला इमारतों में दरारें आई हैं। एसजेडीए, प्रधाननगर थाना के पास दीवार और शहर के सभी बड़े शापिंग मॉल व होटलों में दरारें आई हैं। लोगों के घरों में रखे शीशे के शोकेस और टीवी टूट गए। क्षेत्र में टेलीफोन और मोबाइल फोन ने काम करना बंद कर दिया है। व्यावसायिक केंद्र सिलीगुड़ी में हिलकार्ट रोड, विधानरोड, वर्दमान रोड, गुरुंग बस्ती, सेवक रोड, पंजाबीपाड़ा, हाकीमपाड़ा क्षेत्रों में लोग घरों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। बिजली गुल हो गई और चारों तरफ रोने-चिल्लाने की आवाज आ रही थी। ऐसी ही स्थिति पड़ोसी राज्य सिक्किम, असम, दार्जिलिंग हिल्स, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण बंगाल में महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, भूकंप सिक्किम क्षेत्र में केंद्रित है और इसकी तीव्रता 6.8 रिक्टर स्केल पर आंकी गई है। भूगर्व वैज्ञानिकों के अनुसार, पूरी जांच के बाद ही इस पर विस्तार से बता पाना मुश्किल होगा। प्रशासन ने कहा कि पूरी रिपोर्ट मिलने के बाद ही नुकसान का ब्यौरा देना संभव होगा। उत्तर बंगाल में दहशत से लोगों को उबारने के लिए जनप्रतिनिधि के साथ प्रशासन सड़कों पर निकल पड़ा। दार्जिलिंग जागरण टीम से मिली जानकारी के अनुसार, दार्जिलिंग में छह बजकर 23 मिनट पर भूकंप के झटके आए। कालिम्पोंग के ठाकुरबाड़ी में एक महिला की मलबे में दबने से मौत हो गई। यहां के 110 वर्ष पूराने नेक्स थारलेन चर्च का ऊपरी हिस्सा धराशाई हो गया। कालिम्पोंग में नौ लोगों के घायल होने की सूचना है। आनन-फानन पूरी जनता सड़कों पर आ गई। बिजली जाने से थोड़ी देर के लिए भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई थी। यही हालत कर्सियांग, कालिम्पोंग सहित अन्य स्थानों पर रही। घरों में बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य सामग्री टूट-फूट गए थे। जब एक-दूसरे का हाल जानने के लिए लोगों ने फोन किए, तो नेटवर्क बाधित रहा। हरकत में आई ममता ने दिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश कोलकाता, जागरण ब्यूरो : रविवार शाम महानगर सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के झटके से सरकार भी हरकत में आ गई। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य सचिव समर घोष को एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद राज्य भर में तत्काल सतर्कता जारी कर दी गई। बनर्जी ने आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान को भी लोगों की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। घोष ने महानगर सहित राज्य भर में भूकंप से बनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अचानक भूकंप के झटके से लोग आतंकित हुए, लेकिन राज्य में कोई बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। उत्तर बंगाल सहित कुछ भागों में दूर संचार व बिजली व्यवस्था पर असर पड़ा, जिसे तुरंत दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। राइटर्स बिल्डिंग में कंट्रोल रूम खोल दिया गया है। आपात स्थिति में लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 22145486 की व्यवस्था भी की गई है। सभी जिला प्रशासन को सतर्क करते हुए एहतियात बरतने को कहा गया है। कोलकाता में भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि कुछ घरों में दरारें पड़ गई। लोग बहुमंजिला मकानों से निकलकर सड़क पर आ गए। आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान ने कहा कि भूकंप के झटके को गंभीरता से लिया गया है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने बेहला सहित दक्षिण कोलकाता की स्थिति का जायजा लिया। बिहार में दीवार गिरने और भगदड़ में दो की मौत पटना, जागरण ब्यूरो : बिहार में रविवार शाम 6.13 बजे से 55 सेंकेंड के दौरान तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन झटकों से कच्ची दीवार गिरने से नालंदा में एक बच्ची की दबकर मौत हो गई। वहीं, दरभंगा में भागने के दौरान गिरने से एक किशोर ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में पटना, नालंदा, दरभंगा, भागलपुर, सीमांचल, पूर्व बिहार और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में झटके महसूस किए गए। लोग घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान सभी मोबाइल नेटवर्क भी जाम हो गए। नालंदा जिले के हरनौत में सबनहुआ गांव में कच्ची दीवार गिरने से मनोज रजक की आठ वर्षीया पुत्री की दबकर मौत हो गई। दरभंगा में भूकंप के झटके के बाद घर से भागने के दौरान सड़क पर गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। वह बहादुरपुर थाने के तरौनी के वार्ड एक में मो. जफर का पुत्र मो. नसीम (16) बताया गया है। मो. जफर ने बताया कि आस पड़ोस के अन्य लोगों की तरह नसीम भी घर से निकला और अचानक सड़क पर गिर पड़ा। कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। नालंदा के हिलसा में हुड़ारी गांव निवासी रामाधार यादव व सोहसराय बीच बाजार निवासी स्व. भागवत रजक का कच्चा मकान ध्वस्त हो गया। झटकों से पटना का राजाबजार स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट बाई ओर झुक गया है। दीवार व रेलिंग गिरी तीन घायल लखनऊ, जागरण ब्यूरो : उत्तर प्रदेश में रविवार की छुट्टी का आनंद शाम होते-होते धरती हिलने से घबराहट में तब्दील हो गया। राज्य के विभिन्न भागों में 6.10 और 6.15 मिनट के बीच भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन झटकों से कसया (कुशीनगर) और देवरिया में दीवार व रेलिंग गिरने से तीन लोग घायल हो गए। महानगरों में बहुमंजिली इमारतों में रहने वालों में दहशत थी। लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, गोरखपुर, बस्ती, फैजाबाद, गोंडा, सुल्तानपुर सहित प्रदेश के पूर्वी व मध्य इलाकों में भूकंप के हल्के झटके से दहशत का माहौल रहा। सिद्धार्थनगर में करीब एक मिनट 10 सेकेंड, कुशीनगर में एक मिनट, देवरिया में 14 सेकेंड, बस्ती में सात सेकेंड और गोरखपुर में भी करीब दस सेकेंड तक रुक-रुक कर धरती कांपी। भूकंप के दौरान कुशीनगर में कसया के शादिक दीवार गिरने से घायल हो गए। देवरिया में गोरखपुर मार्ग पर पॉलीटेक्निक के पास बने कांशीराम शहरी आवास योजना के ब्लॉक नंबर 43/10 की रेलिंग पर खड़े मुन्ना (3) और सलीम (30) रेलिंग सहित नीचे आ गिरे। वाराणसी, चंदौली, भदोही, मीरजापुर, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, सोनभद्र, जौनपुर जिलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गये

No comments:

Post a Comment