Thursday, September 8, 2011

कश्मीर समस्या के हल को उमर ने मांगा सियासी दलों से सहयोग


, श्रीनगर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक बार फिर सभी राजनीतिक दलों से अपने दलगत राजनीतिक मतभेद भुलाकर कश्मीर समस्या के समाधान में सकारात्मक सहयोग का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कश्मीर विवाद का सियासी हल जल्द निकलने वाला है। यह विवाद आर्थिक और विकास की प्रगति से हल नहीं हो सकता। इस साल छह लाख से ज्यादा पर्यटक और इतनी ही तादाद में अमरनाथ यात्री कश्मीर आए हैं। पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आगमन से सिर्फ स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ होता है। वह रविवार को डाउन-टाउन में काठीदरवाजा के पास नागर नगर मेगा टूरिस्ट सर्कट का नींव पत्थर रखने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उमर ने अप्रैल 2005 में आतंकी हमले में नष्ट टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर (टीआरसी) के पुनर्निर्माण का भी नींव पत्थर रखा। नया सेंटर पुरानी इमारत के स्थान पर ही बनेगा। 9.88 करोड़ की इस परियोजना को 365 दिनों में पूरा किया जाएगा। उन्होंने विकास और सियासी मुद्दों के हल के लए अमन बहाली की अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने नागर नगर परियोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह डाउन-टाउन अथवा शहर-ए-खास को एक सांस्कृतिक विरासत के तौर पर सहेजने और उसे पर्यटन मानचित्र पर लाने की सरकार की एक अहम कोशिश है। शहर-ए-खास को एक हेरीटेज साइट के तौर पर विकसित करेंगे, जहां पर्यटकों के लिए कई आकर्षक स्थल और स्थानीय दस्तकारों को अपना काम करते देखना सुलभ होगा। परियोजना को मंजूर करने के लिए केंद्र का आभार जताते हुए कहा कि 38.14 करोड़ की राशि हमें सांस्कृतिक और हेरीटेज टूरिज्म के विकास में मददगार होगी। इस मेगा टूरिस्ट सर्कट में मानसबल, नारनाग और बटलब भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने डाउन-टाउन में पुलिस भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि इसे भविष्य में भी जारी रखा जाएगा। बिजली संकट पर उन्होंने कहा कि मेरी दिली ख्वाहिश है कि यहां चौबीसो घंटे बिजली रहे। इसके लिए लोगों को चाहिए कि वह बिजली किराया खपत के मुताबिक समय पर अदा करें और दुरूपयोग से बचें। पर्यटन मंत्री नवांग रिगजिन जोरा ने कहा कि केंद्र ने 50 करोड़ की राशि एक सूफी सर्किट के विकास के लिए भी मंजूर की है। केंद्रीय नव अक्षय ऊर्जा मंत्री डा फारूक अब्दुल्ला, राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री अली मोहम्मद सागर व अन्य मौजूद थे। उमर ने भाजपा को दी मामला दर्ज करने की चुनौती : श्रीनगर, जागरण ब्यूरो : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अफजल गुरु को लेकर अपने ट्वीट पर शुरू हुए विवाद को और हवा दे दी है। उन्होंने भाजपा पर को चुनौती दी है कि यदि उन्होंने कुछ भी गलत या असंवैधानिक कहा है तो वह उनके खिलाफ अदालत में मामला दर्ज करा सकती है।




No comments:

Post a Comment