पाकिस्तान ने दिया भारतीय रेलवे ड्राइवरों को वीजा
सात दिन में एक हजार करोड़ का व्यापार थमा
अमृतसर पिछले सात दिन से बंद पड़ा भारत-पाक रेल व्यापार गुरुवार से पटरी पर दौड़ेगा। पाकिस्तान ने मंगलवार को भारतीय रेलवे के तीन ड्राइवरों को वीजा दे दिया है। अब गुरुवार को दोनों देशों के बीच व्यापार दोबारा शुरू होने की उम्मीद बंधी है। 23 दिसंबर से रेल कारगो अमृतसर में लोडिंग-अनलोडिंग का बंद पड़ा काम बुधवार दोपहर एक बार फिर शुरू हुआ। पाकिस्तान जाने के लिए मालगाड़ी के 49 वैगन में लोडिंग हुई। हालांकि, अभी भी पाकिस्तान जाने वाले सामान के लोड ट्रक रेल कारगो में खड़े हैं। द अमृतसर चेंबर ऑफ कामर्स के महासचिव राजेश सेतिया की मानें तो पिछले सात दिन में भारत-पाक के बीच करीब एक हजार करोड़ का व्यापार रुक गया था। पाकिस्तान सीमेंट इंपोर्ट्स एसोसिएशन के प्रधान एमपीएस चड्ढा कहते हैं कि पाकिस्तान से भारत आने के लिए सीमेंट से लोड मालगाड़ी के 900 वैगन खड़े हैं। पाकिस्तान के साथ सीमेंट का कारोबार करने वाले अमृतसर के सरबदीप सिंह कहते हैं कि पिछले सात दिन में सीमेंट के व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। सिंह ने बताया कि पाकिस्तान के व्यापारियों ने भारत भेजा जाने वाला सीमेंट पाकिस्तान रेल में लोड कराकर बैंक से पैसे भी रिलीज करा लिए हैं। जबकि भारतीय व्यापारियों को सीमेंट अभी तक मिला ही नही है। उधर, बुधवार को अटारी रेलवे स्टेशन पर फिरोजपुर से आई रेल अधिकारियों की टीम ने दौरा किया। गुरुवार से दोनों देशों के बीच मालगाड़ी की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।
No comments:
Post a Comment