Friday, July 1, 2011
अमेरिका ने किया भारत को छूट का समर्थन
परमाणु तकनीक को लेकर नाभिकीय प्रदाता समूह के ताजा फैसले से उपजी आशंकाओं के बीच अमेरिका ने भारत को हासिल रियायत का पुरजोर समर्थन किया है। नई दिल्ली से विदाई ले रहे अमेरिकी राजदूत टिमोथी रोएमर ने कहा कि भारत का परमाणु रिकॉर्ड बेदाग है और दोनों देशों के बीच हुआ ऐतिहासिक नागरिक परमाणु समझौता अपने अंजाम तक पहुंचेगा। भारत में बतौर राजदूत अपने आखिरी दिन मीडिया से मुखातिब रोएमर का कहना था कि नाभिकीय तकनीक व्यापार के लिए भारत को हासिल छूट की अमेरिका पूरी ताकत से वकालत करता है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों 46 देशों वाले नाभिकीय प्रदाता समूह (एनएसजी) ने पुन: प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी और नाभिकीय तकनीक हस्तांतरण के लिए नियमों को सख्त करने का फैसला किया है। एनएसजी के इस फैसले ने भारत के नाभिकीय ऊर्जा विस्तार कार्यक्रम, खासकर परमाणु पुन: प्रसंस्करण तकनीकी हस्तांतरण को लेकर चिंताएं बढ़ा दी थीं। नाभिकीय प्रदाता समूह के सदस्य अमेरिका की ओर से आया समर्थन का दो-टूक बयान भारत की आशंकाओं को दूर करने में मददगार होगा। एनएसजी के फैसले की परतें पलट रहे भारतीय खेमे का भरोसा दुनिया में नाभिकीय व्यापार के नियंता एनएसजी के साथ बनी द्विपक्षीय रजामंदी पर भी टिका है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक अमेरिका के साथ 123 समझौते के बाद एनएसजी भारत को पुन: प्रसंस्करण तकनीक और परमाणु प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए विशेष रियायत के लिए रजामंदी जता चुका है। इस सहमति के बदले में ही भारत ने सैन्य व असैन्य कार्यक्रमों के विभाजन और अतिरिक्त जिम्मेदारियां उठाने का भी ऐलान किया था। सूत्रों का कहना है कि इस स्थिति में जब तक दोनों पक्ष सहमत न हों, एनएसजी का भारत के संदर्भ में कोई एकतरफा फैसला अव्यावहारिक होगा। रोएमर ने नाभिकीय क्षतिपूर्ति प्रावधानों की कड़ी में भारत के सप्लीमेंट्री कंपेन्सेशन फॉर न्यूक्लियर डैमेज के अंतरराष्ट्रीय समझौते के अनुमोदन का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिकी कंपनियां भारत के साथ परमाणु व्यापार के लिए चर्चा कर रही हैं और उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच हुआ समझौता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा। गौरतलब है कि भारत में दो साल बिताने के बाद टिमोथी रोएमर अमेरिका लौट रहे हैं। रोएमर ने बीते दिनों इस्तीफे का ऐलान किया था जिसे भारतीय वायुसेना के लिए 126 लड़ाकू विमान सौदे की दौड़ से अमेरिकी कंपनियों के बाहर होने के साथ भी जोड़ कर देखा गया.
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment