700 गिरफ्तार, उद्योग जगत को राहत पैकेज दिए जाने से नाराज थे प्रदर्शनकारी
न्यूयार्क के ब्रूकलीन ब्रिज पर यातयात अवरुद्ध कर रहे वॉल स्ट्रीट विरोधी 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये लोग न्यूयार्क के वित्तीय इलाके में ‘वॉल स्ट्रीट पर कब्जा करो’ मुहिम के तहत प्रदर्शन कर रहे थे। इन प्रदर्शनकारियों के कारण कई घंटों तक मार्ग बंद रहा। राजनीति में कॉरपोरेट जगत के प्रभाव और उद्योग जगत को राहत पैकेज दिए जाने से नाराज वॉल स्ट्रीट विरोधी कार्यकर्ताओं ने दो सप्ताह पहले मैनहट्टन में एक छोटे उद्यान पर कब्जा कर लिया। लेकिन शनिवार को अपने प्रदर्शन के तहत उन्होंने ब्रिज पर धरना दिया। न्यूयार्क पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, सात सौ से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से अधिकतर को व्यवस्था भंग करने के आरोप में
गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ प्रदर्शनकारियों को कुछ घंटों बाद रिहा कर दिया गया, जबकि अन्य को एक-दो दिन हिरासत में रखा जाएगा या फिर उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने रिहा किए गए लोगों को उत्पात मचाने का प्रमाण पत्र और अदालत का सम्मन भी दिया। लेकिन इस मुहिम के संचालकों का कहना है कि वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। इससे पहले, न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ को चेतावनी दी गई, कुछ को छोड़ दिया गया, जबकि कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया। लोकतंत्र समर्थक ‘अरब स्प्रिंग’ (अरब देशों में हो रही क्रांति से जुड़े) आंदोलनों से प्रेरित ‘ऑक्यूपाय वॉल स्ट्रीट’ समूह ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि कम से कम 50 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
No comments:
Post a Comment