Sunday, November 4, 2012

अब ओबामा ने रोमनी को सेल्समैन बताया



वाशिंगटन, प्रेट्र : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी मिट रोमनी पर व्यंग्यात्मक हमले करना जारी कर रखा है। रोमनी को रोमनेसिया से पीडि़त बताने के बाद राष्ट्रपति ने उन्हें सेल्समैन कहकर संबोधित किया है, जो पुराने और विफल हो चुके विचारों को इन चुनावों में नई पैकिंग में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। ओहायो के स्पि्रंगफील्ड में एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान ओबामा ने कहा, रोमनी बढि़या सेल्समैन हैं। वह अपने चुनावी अभियान में उन विचारों और नीतियों को नए सिरे से पेश करने की कोशिश कर रहे हैं जो विफल हो चुके हैं। वह यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये विचार और नीतियां बदलाव हैं। ओबामा ने हंसते हुए कहा कि रोमनी कहते हैं कि वह बदलाव लाएंगे, लेकिन जब आप उनकी नीतियों पर नजर डालेंगे तो वह वही पुरानी नीतियां हैं जो विफल रही थी। उन्होंने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि ओहायो में रोमनी को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि वह यहां पर आटो उद्योग को बचाने के खिलाफ थे, जो ओहायो के हर आठ में से एक शख्स को नौकरी देता है। लीमा में दूसरी रैली को संबोधित करते हुए ओबामा ने दावा किया कि अमेरिका में असली बदलाव वह ही लाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक मैं कमांडर हूं दुनिया की सबसे मजबूत सेना की मदद से अपने दुश्मनों को खदेड़ते रहेंगे। मगर यह समय इराक और अफगानिस्तान में युद्ध समाप्त करके बचत का इस्तेमाल हमारे कर्ज को उतारने और अमेरिका का पुनर्निर्माण करने का है। उन्होंने कहा कि बदलाव का मतलब भविष्य में अपने घाटे को संतुलित तरीके से घटाने से है। पिछले दिनों ओबामा ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि रोमनी अपने रुख पर कायम नहीं रहते। शायद इस बीमारी को रोमनेसिया कहा जाता है। कारों की सरकार विशेष संवाददाता, स्पि्रंगफील्ड : क्या किसी उद्योग को उबारने से देश का राष्ट्रपति चुनाव जीता जा सकता है? अगर अमेरिका है तो यह मुमकिन है। बराक ओबामा अगर ओहायो और राष्ट्रपति का चुनाव जीतते हैं तो इस राज्य की ऑटोमोबाइल कंपनियों को मिले 24.9 अरब डॉलर के पैकेज की बड़ी भूमिका होगी। कारण ओहायो का आठ रोजगारों में से एक ऑटो उद्योग से जुड़ा है। इस पैकेज ने यहां आने वाली बड़ी बेकारी रोक दी है। 2008 में लीमैन संकट के बाद अमेरिका की बीमार ऑटो कंपनियों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। ओबामा प्रशासन ने इनकेलिए 24.9 अरब डॉलर का पैकेज मंजूर किया। जिसका फायदा जनरल मोटर्स और क्रिसलर को हुआ। टोलेडो क्लीवलैंड और कोलंबस में केंद्रित ओहायो में ऑटोमोबाइल उद्योग से करीब 8.5 लाख रोजगार जुडे़ हैं, इसलिए यह ओहायो में ओबामा का सबसे मजबूत पक्ष है। उनके ऑटो पैकेज को निशाना बनाकर रिपब्लिकन ने विज्ञापन भी जारी किए हैं। मगर कार कंपनियां ओबामा का समर्थन कर रही हैं। यह पैकेज और ऑटो उद्योग के उत्पादन में सुधार ओबामा के विज्ञापनों का अहम पहलू है। रूस में कारोबार करना चाहते हैं रोमनी के पुत्र वाशिंगटन : मिट रोमनी भले ही रूस को अमेरिका का सबसे बड़ा राजनीतिक दुश्मन मानते हों, लेकिन उनके पुत्र रूस में कारोबारी संभावनाएं तलाश रहे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रोमनी के दूसरे नंबर के पुत्र मैट रोमनी इस सप्ताह रियल स्टेट में निवेशकों की तलाश में अपने सहयोगी के साथ रूस गए थे। कैलिफोर्निया स्थित रियल स्टेट इनवेस्टमेंट कंपनी एक्सल ट्रस्ट के ग्रेग डेविस ने बताया कि यह कंपनी की ओर से निजी यात्रा थी, जिसका सरकार से लेना-देना नहीं हैं। मैट रोमनी कंपनी में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट के तौर पर काम करते हैं। अमेरिका राष्ट्रपति चुनाव से पहले इस यात्रा के कई मायने निकाले जा रहे हैं क्योंकि रोमनी सार्वजनिक तौर पर ओबामा प्रशासन में अमेरिका-रूस के संबंधों और रूस की घरेलू नीति की आलोचना करते आए हैं।
Dainik Jagran National Edition 4-11-2012 ns’k fons’k ist-6

No comments:

Post a Comment