वाशिंगटन, एजेंसियां : अमेरिका में भारी तबाही मचाने के बाद सैंडी अब कनाडा की
तरफ बढ़ गया है। बुधवार को अमेरिका के पूर्वोत्तर हिस्से जनजीवन पटरी पर लौटने
लगा। जबकि प्रशासन सेवाओं को बहाल करने में जुट गया है। करीब एक दशक बाद आए
विनाशकारी तूफान सैंडी ने सघन आबादी वाले पूर्वी तटीय क्षेत्र में जमकर तबाही
मचाई। तूफान की चपेट में आने से सात राज्यों में 59 लोगों की मौत हो गई। जबकि 60 लाख लोग अभी भी बिजली से वंचित हैं। तूफान के कारण 20 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति को नुकसान पहुंचने का भी अनुमान है।
दो दिन के बंद के बाद बुधवार को न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज खुला। न्यूयॉर्क के दो
प्रमुख एयरपोर्ट जॉन एफ केनेडी और नेवार्क लिबर्टी पर भी सीमित सेवाओं के साथ
परिचालन शुरू हो गया। आंतरिक सुरक्षा मंत्री जेनेट नेपोलितानो ने इसे अमेरिकी
इतिहास में सबसे विध्वंसकारी तूफान बताया। बिजली और यातायात सेवा के सुचारू रूप से
शुरू होने में कुछ दिन या हफ्ते का समय लग सकता है। सैंडी की वजह से हुई तबाही को
बड़ी त्रासदी बताते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चेतावनी दी है कि तूफान का खतरा
अभी टला नहीं है। वाशिंगटन स्थित अमेरिकन रेडक्रास के मुख्यालय जाकर राष्ट्रपति ने
राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संघीय सरकार सैंडी से
प्रभावित राज्यों को संसाधन मुहैया कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। ह्वाइट हाउस
द्वारा जारी बयान के मुताबिक ओबामा स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को
न्यूजर्सी जाएंगे। आपदा का सबसे ज्यादा खामियाजा न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी को भुगतना
पड़ा है। इन दोनों राज्यों में भारतीय मूल के लोगों की बहुतायत है। सिर्फ
न्यूयॉर्क में ही सैंडी की चपेट में आने से 27 लोगों की मौत हो गई। न्यूजर्सी में कुछ भारतीय अमेरिकी घरों में पानी
भरने के बाद सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। वहीं पिछले साल जापान में फुकुशिमा
परमाणु दुर्घटना को ध्यान में रखते हुए तीन परमाणु संयंत्रों को बंद रखा गया। इन
परमाणु संयंत्रों के पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही थी। बुधवार को न्यू
जर्सी स्थित ओइस्टर क्रीक संयंत्र ने जल स्तर सामान्य स्तर पर आने के बाद खतरे की
चेतावनी वापस ले ली। न्यूजर्सी की मुख्य बिजली कंपनी पीएसईजी ने डेलावर नदी के
हनकाक्स ब्रिज स्थित सलेम यूनिट-1 को बंद कर दिया। न्यूयॉर्क
के स्क्रीबा में नाइन माइल प्वाइंट यूनिट-1 और न्यूयार्क के ही बुकानेन में इंडियन प्वाइंट रिएक्टर को भी बंद कर
दिया गया था। परमाणु नियामक आयोग के प्रवक्ता नील शीहान ने कहा कि सब कुछ नियंत्रण
में है। किसी भी संयंत्र को नुकसान नहीं पहंुचा है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय बंद
सैंडी के चलते संयुक्त राष्ट्र का न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय लगातार तीसरे दिन बुधवार
को भी बंद रहा। मुख्यालय में होने वाली सभी बैठकें रद कर दी गई हैं। यूएन मुख्यालय
खोले जाने को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा रहा है।
Dainik Jagran National Edition 01-11-2012 Desh videsh Page -7
No comments:
Post a Comment