Tuesday, July 10, 2012

लीबिया में 60 वर्षो में पहली बार हुआ मतदान


लीबिया में 60 वर्षो में पहली बार जनरल नेशनल कांफ्रेंस के लिए शनिवार को हुए चुनाव में लोगों ने उत्साहपूर्वक वोट डाले। मतदान सुबह आठ से शाम आठ बजे तक चला। पूर्व तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी के शासन का अंत होने के बाद यहां मतदान हुआ है। हालांकि देश के सबसे बड़े शहर बेनगाजी के लिए, अंतरिम सरकार से और अधिक स्वायत्तता की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों ने मतदान केंद्रों पर हंगामा किया और सैकड़ों मतपत्रों को जला दिया। संघवादी प्रदर्शनकारियों ने पहले ही मतदान के बहिष्कार की धमकी दी थी। शुक्रवार को अज्ञात आतंकवादियों ने बेनगाजी में चुनाव सामग्री लेकर जा रहे पुलिस के एक हेलीकॉप्टर को मार गिराया, जिसमें एक चुनावी कर्मी की मौत हो गई थी। सूत्रों ने बताया कि इस हेलीकॉप्टर को पूर्वी शहर में कथित रूप से स्वायत्तता समर्थक आतंकवादियों ने मार गिराया है। लीबियाई 200 सदस्यीय असेंबली का चुनाव कर रहे हैं। बाद में इसी के द्वारा प्रधानमंत्री और कैबिनेट का चयन किया जाएगा। चुनाव मैदान में 3700 उम्मीदवार हैं। इनमें इस्लामी एजेंडे वाले उम्मीदवार प्रमुख हैं। इससे इस बात की संभावना बढ़ गई है कि ट्यूनीशिया और मिस्र के बाद लीबिया, अरब में ऐसा देश होगा जहां धार्मिक पार्टी सत्ता पर पकड़ बनाएगी। राजधानी त्रिपोली में मतदान शांतिपूर्ण रहा। एक मतदान केंद्र पर जब पहली महिला ने वोट डाला तो वहां नारों की गूंज सुनाई देने लगी। पहली बार वोट डालने वाली 50 वर्षीय शिक्षिका जैनाब मासरी ने कहा, मैं अपने अनुभव को बयां नहीं कर सकती हूं। मुझे विश्वास है कि भविष्य अच्छा होगा और लीबिया सफल होगा। जनरल नेशनल कांफ्रेंस मौजूदा गैर निर्वाचित अंतरिम सरकार का स्थान लेगी। गद्दाफी के पतन के बाद देश की बागडोर संभालने के लिए अंतरिम सरकार का गठन किया गया था।

No comments:

Post a Comment