Wednesday, March 14, 2012

आंतरिक सुरक्षा पर 5500 अरब रुपये खर्च करेगा चीन


रक्षा बजट में भारी वृद्धि करने के बाद चीन ने अपने आंतरिक सुरक्षा बजट में 11.5 प्रतिशत वृद्धि कर इसे 111 अरब डॉलर (करीब 5500 अरब रुपये) करने की घोषणा की है। यह कदम कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तिब्बत और शिनजियांग क्षेत्र में अशांति को नियंत्रित करने के प्रयासों के तहत उठाया गया है। देश में नेतृत्व परिवर्तन से पूर्व अस्थिरता की आशंका जताई जा रही है। रक्षा बजट से थोड़े अधिक आंतरिक सुरक्षा बजट की घोषणा चीन की संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) में की गई। यह वृद्धि ऐसे समय की गई है जब चीन के तिब्बती आबादी वाले हिस्सों में तनाव फैला हुआ है। शिनजियांग में कुछ दिन पहले हुए हमले में 20 लोग मारे गए थे। यहां अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय उइगर के लोग रहते हैं। पिछले वर्ष चीन ने आंतरिक सुरक्षा पर 629.3 अरब युआन (करीब 4900 अरब रुपये) खर्च किए थे। चीन में पहले भी रक्षा बजट की तुलना में आंतरिक सुरक्षा बजट अधिक रहा है। बहुत कम देश ऐसे हैं जो चीन की तरह रक्षा बजट की तुलना में आंतरिक सुरक्षा के लिए अधिक राशि आवंटित करते हैं। चीन ने इस वर्ष अपना रक्षा बजट 106.4 अरब डॉलर (करीब 5200 अरब रुपये) रखा है। पिछले वर्ष यह 92 अरब डॉलर (करीब 4500 अरब रुपये) था। चीन इस समय तिब्बत और शिनजियांग में सर्वाधिक सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। पिछले छह दशक के लंबे समय में इन दोनों बड़े प्रांतों पर अपने नियंत्रण को लेकर चीन सर्वाधिक खराब समय से गुजर रहा है। यहां चीन के मुख्य हान समुदाय से अलग जाति के लोग निवास करते हैं। शिनजियांग में उइगर समुदाय के लोग वर्ष 2009 से ही वहां हान समुदाय के लोगों को बसाने के खिलाफ लगातार प्रदर्शन करते रहे हैं।

No comments:

Post a Comment